” रेल आउटर पर यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल, ट्रेनों में लूट और प्लेटफॉर्म पर चोरी की घटनाओं से चिंता” 

कटनी में रेल कनेक्टिविटी की सुविधा के लिए तीन प्रमुख रेलवे स्टेशन मौजूद हैं—कटनी जंक्शन, कटनी मुड़वारा और कटनी साउथ। लेकिन सवाल यह है कि इन स्टेशनों और आउटर क्षेत्रों में यात्रियों की सुरक्षा कितनी मजबूत है? हाल के दिनों में रेल आउटर पर लूटपाट और चोरी की घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

कटनी जंक्शन के आउटर पर ट्रेन में सवार यात्रियों से लूट की हालिया वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले भी रेल क्षेत्र में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एक मामले में ट्रेन में सफर कर रहे सैनिक की मैगजीन चोरी होने की घटना भी सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच सवाल उठ रहा है कि आउटर क्षेत्रों में आरपीएफ और जीआरपी की गश्त कितनी प्रभावी है।

हालिया ट्रेन लूट के मामले में कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में जिला पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। इस घटनाक्रम ने रेल क्षेत्र में सुरक्षा बलों की उपलब्धता, आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था पर चर्चा तेज कर दी है। वहीं, मुड़वारा स्टेशन पर पहले संचालित आरपीएफ चौकी को बड़े थाने में विलय किए जाने के बाद स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे है। रेलवे क्षेत्र का विस्तृत दायरा और सुरक्षा बलों की कमी भी एक बड़ी चुनौती बताई जाती है। ऐसे में सवाल है कि क्या केवल अधिकारियों पर कार्रवाई करने से रेल अपराधों पर अंकुश लग पाएगा, या फिर पर्याप्त बल, नियमित गश्त और संवेदनशील आउटर क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की जरूरत है? कटनी जीआरपी थाने में वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती और संसाधनों की उपलब्धता पर भी विचार किए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

बहरहाल, रेल यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां कटनी के रेलवे स्टेशनों और आउटर क्षेत्रों में चोरी, लूटपाट जैसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाती हैं। यात्रियों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराने के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था भी जरूरी है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING