
कटनी। दीपावली के पावन पर्व पर खुशियां बांटने और बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने की पहल करते हुए इनर व्हील क्लब कटनी मुड़वारा 326 के सदस्यों ने धनतीबाई शासकीय स्कूल एवं झुरहीटोला शासकीय स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।
इस अवसर पर दोनों विद्यालयों के कुल 75 छात्र-छात्राओं को दीपावली के उपहार स्वरूप फुलझड़ियां, पटाखे, फल एवं टॉफियां वितरित की गईं। उपहार पाकर नन्हे-मुन्ने बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और विद्यालय परिसर उत्साह एवं उमंग से भर गया।
कार्यक्रम में क्लब की सदस्य रश्मि बघेल, उर्मिला चौरसिया, सीमा चौरसिया, सुश्री राजेन्द्र लाम्बा, शशि निगम, साधना जैन एवं सीमू गांधी उपस्थित रहीं। बच्चों ने मनोरम गीत-संगीत की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।
इस दौरान साधना जैन ने बच्चों को पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए स्वस्थ खानपान के प्रति जागरूक किया। वहीं शिक्षकगणों की ओर से श्री गुप्ता ने क्लब के सदस्यों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
इनर व्हील क्लब की इस पहल ने दीपावली के पर्व को जरूरतमंद बच्चों के लिए खुशियों, अपनत्व और उमंग से भर दिया।








