
कटनी। कटनी में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने नगर निगम के कम्युनिटी हॉल में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 3 एलईडी कंप्यूटर मॉनीटर, जिनकी कीमत करीब 31 हजार 800 रुपये बताई गई है, बरामद किए हैं। वहीं वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
दरअसल, 3 और 4 नवंबर की दरमियानी रात चोरों ने कम्युनिटी हॉल की पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और एक सीपीयू सहित 5 एलईडी मॉनीटर चोरी कर लिए थे। नगर निगम के स्टोर कीपर आदित्य मिश्रा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोल बाजार के आसपास एक युवक सस्ते दामों पर कंप्यूटर मॉनीटर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर गोलू ठाकुर नामक युवक को हिरासत में लिया पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी बिट्टू उर्फ समीर निषाद के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर बैलटघाट के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 3 मॉनीटर बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक चोरी का बाकी सामान दूसरे आरोपी के पास है।
गिरफ्तार आरोपी गोलू ठाकुर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी बिट्टू उर्फ समीर निषाद की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय सहित कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अब सवाल यह है कि नगर निगम के कम्युनिटी हॉल की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने वाले दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी कब तक होती है और चोरी गया शेष सामान पुलिस कब बरामद करती है?






