“त्योहारों पर रेल यात्रियों को बड़ी राहत! रानी कमलापति-दानापुर के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन, कटनी-जबलपुर में भी ठहराव”

जबलपुर। आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे द्वारा रानी कमलापति और दानापुर के बीच विशेष किराये पर एक-एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया गया है।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 01661 रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल 11 नवंबर को रवाना होगी। यह ट्रेन दोपहर 2 बजकर 25 मिनट पर रानी कमलापति स्टेशन से चलकर शाम 7 बजकर 25 मिनट पर जबलपुर और रात 9 बजकर 20 मिनट पर कटनी पहुंचेगी। इसके बाद सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन होते हुए अगले दिन सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर दानापुर पहुंचेगी।

वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 01662 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल दानापुर से रवाना होकर अगले दिन रात 12 बजकर 55 मिनट पर सतना, 2 बजकर 30 मिनट पर कटनी और सुबह 3 बजकर 50 मिनट पर जबलपुर पहुंचेगी। इसके बाद इटारसी और नर्मदापुरम होते हुए सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 18 कोच रहेंगे, जिनमें एसी द्वितीय श्रेणी का एक, एसी तृतीय श्रेणी का एक, शयनयान के 10 और सामान्य श्रेणी के चार कोच शामिल हैं। इसके अलावा दो एसएलआरडी कोच भी लगाए जाएंगे।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस स्पेशल ट्रेन में यात्रा के लिए कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों या आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आरक्षण करा सकते हैं।

त्योहारी सीजन में इस विशेष ट्रेन के संचालन से जबलपुर, कटनी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING