
कटनी रेलवे के इलेक्ट्रिकल विभाग में पदस्थ पर भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक जबलपुर से पहुंची CBI-ACB की टीम ने एनकेजे स्थित बजरिया में एक इलेक्ट्रिकल दुकान पर रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया।
दरअसल, शिकायतकर्ता तेजराम कुशवाहा ने CBI जबलपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि रेलवे से जुड़े कार्य और बिल भुगतान पास कराने के एवज में सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद CBI ने पहले गोपनीय तरीके से आरोपों का सत्यापन किया और फिर सुनियोजित तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। जैसे ही 45 हजार रुपये की रिश्वत की रकम दी गई, मौके पर मौजूद CBI टीम ने दबिश देकर इंजीनियर को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की गई। शुक्रवार को आरोपी को विशेष CBI अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उसे 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी की रिश्वत लेते गिरफ्तारी ने सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार और जवाबदेही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब CBI की आगे की जांच में इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।






