
कटनी। दीपावली का पर्व सिर्फ रोशनी और आतिशबाजी का नहीं, बल्कि खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने का भी संदेश देता है।
इसी मानवीय भावना के साथ कटनी पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा अपनी पत्नी के साथ झिंझरी स्थित आशा किरण अनाथ आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने आश्रम के बच्चों के बीच दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को स्कूल बैग, मिठाई, फल, दीपक, मोमबत्तियां और पटाखे भेंट किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बनी। एसपी ने बच्चों से आत्मीय बातचीत की, उनके साथ हंसी-मजाक किया और फुलझड़ी जलाकर दीपावली की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर श्री विश्वकर्मा ने सभी बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की कामना की। पुलिस अधीक्षक की इस आत्मीय पहल ने बच्चों के त्योहार को खास बना दिया और यह संदेश दिया कि दीपावली की असली रोशनी दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने से आती है।








