
कटनी रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे ने विशेष किलाबंदी टिकट जांच अभियान चलाया।
इस अभियान के दौरान करीब 20 ट्रेनों की जांच की गई और 320 यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए रेलवे ने 2 लाख 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया।
मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता की रणनीति के तहत 5 अक्टूबर को कटनी स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। सुबह 8 बजे शुरू हुए इस अभियान में जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडल के 34 टिकट जांच कर्मचारियों ने आरपीएफ और जीआरपी जवानों के साथ मिलकर ट्रेनों, प्लेटफॉर्म और प्रवेश द्वारों पर सघन जांच की।
इस अभियान के दौरान करीब 20 गाड़ियों की जांच की गई। इस दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, बिना बुक लगेज, अनाधिकृत वेंडिंग और रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने के मामलों में कुल 320 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनसे 2 लाख 15 हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई। इसके साथ ही कैटरिंग स्टॉल और वेंडरों की भी जांच की गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने जबलपुर-कटनी-मैहर-सतना रेलखंड पर इस तरह के टिकट जांच अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
वही क्षेत्रीय प्रबंधक कटनी रोहित सिंह और स्टेशन प्रबंधक संजय दुबे ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और रेलवे राजस्व की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।









