
कटनी।बरही नगर परिषद के वार्ड क्रमांक-2 हरतला क्षेत्र में करीब एक माह से खराब पड़े कृषि विद्युत ट्रांसफार्मर को लेकर किसानों और वार्डवासियों का आक्रोश सामने आया है। विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं होने से परेशान वार्डवासियों ने पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बरही पंडित संजय बिलौहाँ के नेतृत्व में विद्युत विभाग पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की वार्ड क्रमांक-2 हरतला क्षेत्र में खेती-किसानी के लिए लगा विद्युत ट्रांसफार्मर लंबे समय से खराब पड़ा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से ही विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से समस्या दूर करने का आग्रह किया जा रहा था, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के चलते अब वार्डवासियों ने सामूहिक रूप से विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बरही पंडित संजय बिलौहाँ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वार्डवासी और कांग्रेस पदाधिकारी विद्युत विभाग पहुंचे और अपनी समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। इसके बाद विद्युत विभाग के जेई से फोन पर चर्चा कर खराब ट्रांसफार्मर को बदलने और कृषि विद्युत लाइन को पुनः चालू कराने की मांग रखी गई।
बातचीत के दौरान विद्युत विभाग की ओर से करीब पांच दिनों के भीतर ट्रांसफार्मर बदलकर कृषि विद्युत आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया गया। वहीं, वार्डवासियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित पांच दिवस के भीतर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया और कृषि विद्युत लाइन चालू नहीं हुई, तो विद्युत विभाग बरही कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर तालाबंदी जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने की चेतावनी भी दी गई।
स्थानीय नागरिकों के मुताबिक खेती-किसानी काफी हद तक बिजली आपूर्ति पर निर्भर है। ऐसे में लंबे समय से ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अब निगाहें विद्युत विभाग के पांच दिन के आश्वासन पर टिकी हैं। वार्डवासियों का कहना है कि यदि तय समय-सीमा में ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान अन्नु पाठक, ब्रजराज सिंह परमार, निरपत कुशवाहा, समीम वारसी, अखिलेश द्विवेदी, कमलेश द्विवेदी, भीम पटेल, अमन तिवारी, वसीम खान, रामचरण सिंह सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।






