
कटनी जिले के ग्रामीण इलाकों में सर्पदंश की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर सांप के काटने से दो बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इन दो नई घटनाओं के बाद जिले में पिछले दो महीनों के दौरान सर्पदंश से मौतों का आंकड़ा बढ़कर 15 हो गया है। सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में रीठी, ढीमरखेड़ा और बरही क्षेत्र शामिल बताए जा रहे हैं।
पहली घटना बिलहरी क्षेत्र के करिया खुर्द गांव की है। यहां 17 वर्षीय अजय कोरी गांव में बनाए गए गणेश पंडाल में सो रहा था। देर रात उसे सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं दूसरी घटना रीठी थाना क्षेत्र के बरेटा गांव की है। यहां 12 वर्षीय धनिया कुमारी रात में अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। बच्ची की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल कटनी लेकर आए, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद बच्ची की जान नहीं बच सकी। बताया गया है कि 1 जून से अब तक जिले में सर्पदंश से 13 मौतें दर्ज हुई थीं। गुरुवार की दो घटनाओं के बाद यह आंकड़ा बढ़कर अब 15 हो गया है।
ग्रामीण इलाकों में लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने सर्पदंश से बचाव और समय पर उपचार की व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर बरसात के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में सांपों के निकलने और सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने की संभावना रहती है।
सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल मरीज को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाना बेहद जरूरी है।







