
कटनी के एनकेजे थाना क्षेत्र अंतर्गत खिरहनी में एक कबाड़ की दुकान पर काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान भट्ठा मोहल्ला निवासी सौरभ वंशकार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खिरहनी स्थित एक कबाड़ की दुकान में सौरभ वंशकार काम कर रहा था। परिजनों के मुताबिक इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उपचार किया। इसके बाद परिजन उसे कचहरी चौक स्थित एमजीएम हॉस्पिटल भी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में मातम छा गया। जिला अस्पताल के सामने बड़ी संख्या में परिजन और परिचित एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस में रखवाया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और करंट लगने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।







