
कटनी में युवक को जबरन ले जाकर मारपीट और अमानवीय तरीके से प्रताड़ित करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही हैं।दरअसल, 15 सितंबर को पंकज मेहरा ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 12 सितंबर को वह कटनी रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसके पुराने परिचित अजय उर्फ अन्नू माली ने उसे बातचीत के बहाने अपने साथ मघई मंदिर के पास स्थित घर ले गया। आरोप है कि वहां अन्नू ने अपने साथियों को बुलाया और पुरानी बात को लेकर पंकज के साथ लात-घूंसों और बेल्ट से मारपीट की किसी तरह वहां से निकलकर पंकज रेलवे स्टेशन पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा कर उसे दोबारा पकड़ लिया और जबरन ऑटो में बैठाकर एनकेजे बजरिया स्थित मकान ले गए शिकायत के अनुसार, यहां पंकज को एक कमरे में बंद कर फिर मारपीट की गई। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर सिगरेट से उसके हाथ और पीठ को जला दिया। शाम करीब 6 बजे पंकज किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भाग गया और डर के कारण जबलपुर चला गया।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 1053/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई कोतवाली पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली को मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया आरोपी से पूछताछ के बाद साहिल खान को भी कुठला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में अमन और उसका एक अन्य साथी अभी फरार हैं। दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई जारी है।






