
कटनी, 10 सितंबर 2026। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कटनी द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं ‘हर घर गणेश, घर-घर गणेश’ के उद्देश्य से ‘माटी गणेश, सिद्ध गणेश’ अभियान के अंतर्गत मिट्टी से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा बनाने की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन आनंदम स्थल परिसर में किया गया।
कार्यशाला में जनपद पंचायत कटनी के उपाध्यक्ष जगदीश उरमलिया, आनंद विभाग के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीडर अनिल कांबले, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल, पूर्व सीएमएचओ डॉ. आर.के. आठ्या सहित जनपद सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम आयोजक एवं जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने अभियान के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा पिछले वर्ष से यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनी मूर्तियों के उपयोग को हतोत्साहित कर मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं की स्थापना और पूजन के बाद उन्हें जल स्रोतों में विसर्जित करने के बजाय पौधों के गमलों अथवा छोटे गड्ढों में विसर्जित किया जा सकता है। इससे जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही गांव-गांव में मिट्टी की प्रतिमाएं बनाने से स्थानीय कलाकारों को रोजगार और अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल ने बताया कि इस तरह की कार्यशालाएं जिले के सभी छह विकासखंडों में सेक्टर स्तर पर भी आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य जिलेभर में पर्यावरण संरक्षण और मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं को लेकर जागरूकता बढ़ाना है।
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष जगदीश उरमलिया ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे इस महत्वपूर्ण प्रयास में सभी लोगों को सहभागी बनना चाहिए। जनपद सदस्य बसंत द्विवेदी एवं दुर्गा मौसी ने भी अपने विचार रखते हुए अभियान का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में जन अभियान परिषद से जुड़ी नवांकुर संस्थाओं, ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाताओं एवं विद्यार्थियों सहित स्वयंसेवी संस्थाओं तथा सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने हाथों से मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं तैयार कीं मूर्ति कलाकार नीलेश अग्रवाल एवं सपना सिंह ने प्रतिभागियों को मिट्टी से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा बनाने की विधि का प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में वंदना गेलानी, संतोष निषाद, आर.एल. चौधरी, साध्वी निगम, राजू यादव, गनपत लाल कोल, रामानुज पांडेय, रूपा बर्मन, भारती बर्मन, रोशनी कुशवाहा, प्रिया राय, संदीप तिवारी एवं ओम तिवारी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।









