“कलेक्टर के निर्देश पर शासकीय उचित मूल्य दुकानों की हुई औचक जांच’कम राशन वितरण, अनियमित संचालन और स्टॉक गड़बड़ी पर विक्रेताओं पर हुई कार्रवाई”

कटनी जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों की कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा सतत निगरानी के दिए गए निर्देश के पालन में खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में संबंधित दुकान संचालकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुनील किरार द्वारा नगर निगम कटनी क्षेत्र की लक्ष्मी उपभोक्ता भंडार (वार्ड 19), शारदा प्राथमिक उपभोक्ता भंडार (वार्ड 33) एवं रामनिवास सिंह प्राथमिक उपभोक्ता सहकारी भंडार (वार्ड 32) का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित विक्रेता भगवानदीन राजपाल, सोनिया सिंह एवं नीरज सेन द्वारा दुकानों का नियमित संचालन नहीं किया जा रहा था तथा पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन वितरण भी नहीं हो रहा था। इन गंभीर अनियमितताओं पर तीनों विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

निरीक्षण में कटनी ग्रामीण क्षेत्र की उचित मूल्य दुकान जरवाही के निरीक्षण में गंभीर अनियमितता सामने आई। जांच के दौरान राशन वितरण कम पाया गया तथा स्टॉक सत्यापन में गेहूं 30.62 क्विंटल एवं चावल 14.49 क्विंटल कम पाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए विक्रेता कृष्णा देवी सहाय के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

उचित मूल्य दुकान पडरियां के निरीक्षण में दुकान निर्धारित समय पर बंद पाई गई। इस पर संबंधित विक्रेता ओम प्रकाश दुबे के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

इस संबंध में जिला आपूर्ति अधिकारी रविकांत ठाकुर ने बताया कि सभी मामलों में मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण (नियंत्रण) प्रणाली आदेश, 2015 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने सभी उचित मूल्य दुकान संचालकों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित दिवस एवं समय पर दुकान संचालित करें तथा पात्र हितग्राहियों को नियमित रूप से खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि माह जुलाई में जिले का कुल राशन वितरण 93 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। उन्होंने शेष हितग्राहियों से अपील की है कि वे 31 जुलाई तक अपना राशन अनिवार्य रूप से प्राप्त कर लें, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING