“अवैध बीज कारोबार पर बड़ी कार्रवाई! बिना लाइसेंस धान बीज बेचने वाले पर FIR, 7 क्विंटल बीज जब्त”

कटनी में किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वालों पर प्रशासन का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर कृषि विभाग ने रीठी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस धान बीज का भंडारण और बिक्री करने वाले एक कृषि केंद्र संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। कार्रवाई के दौरान 7 क्विंटल धान बीज भी जब्त किए गए हैं।

किसानों को गुणवत्तायुक्त और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में अवैध बीज कारोबारियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कृषि विभाग की टीम ने 8 जुलाई को रीठी क्षेत्र के ग्राम मुहास स्थित पाण्डेय कृषि केंद्र का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि केंद्र बिना किसी वैध लाइसेंस के धान बीजों का भंडारण और बिक्री कर रहा था। विभाग ने मौके से कुल 7 क्विंटल धान बीज जब्त किए। इनमें सुपर गंगा कावेरी (आईआर-64) के 2.50 क्विंटल, अन्नदाता सीड्स (एमटीयू-1010) के 4 क्विंटल तथा अन्नदाता सीड्स (आईआर-64) के 50 किलोग्राम बीज शामिल हैं।

बीज निरीक्षक मुकेश लोधी की जांच रिपोर्ट के आधार पर उपसंचालक कृषि की शिकायत पर पाण्डेय कृषि केंद्र के संचालक प्रभात पाण्डेय के खिलाफ रीठी थाना में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना वैध लाइसेंस कोई भी व्यापारी बीजों का भंडारण या विक्रय नहीं कर सकता। ऐसा करना बीज नियंत्रण आदेश 1983 का उल्लंघन है और कानून के तहत दंडनीय अपराध है।

जिला प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही बीज खरीदें और खरीदते समय पक्की रसीद अवश्य लें। प्रशासन का कहना है कि बीज, खाद और कीटनाशकों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और जिलेभर में ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING