
कटनी जिले के रीठी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत करहिया के ग्राम मझगवां में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को लेकर न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया द्वारा प्रमुखता से उठाई गई खबर का असर अब ज़मीन पर दिखाई देने लगा है। खबर प्रसारित होने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया और गांव में पानी निकासी के लिए नाली निर्माण का कार्य शुरू करा दिया है।
दरअसल, हाल ही में न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया ने मझगवां गांव की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से दिखाया था। बारिश का पानी नाली व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों के घरों और आंगनों तक पहुंच रहा था, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा था।
ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद जब यह मामला न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया के माध्यम से जिला प्रशासन तक पहुंचा, तो अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नाली निर्माण का कार्य शुरू करा दिया।
अब गांव में नाली निर्माण का कार्य तेजी से जारी है, जिससे बारिश के पानी की निकासी का रास्ता बन रहा है और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। निर्माण कार्य की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जो प्रशासन की त्वरित कार्रवाई को दर्शाती हैं। ग्रामीण आशाराम लोधी और उनके परिवार ने जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई पर खुशी जताई। वहीं क्षेत्र के समाजसेवी अज्जू सिंह ने भी प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर की गई यह पहल ग्रामीणों के लिए राहत लेकर आई है।
।







