
Newsvoiceofindia!News katni
कटनी। आगामी त्योहारों को लेकर शहर के मेन रोड व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। यातायात व्यवस्था और लगातार बढ़ते अतिक्रमण के मुद्दे पर मेन रोड व्यापारी संघ ने एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि होली पर्व के दौरान भी नगर निगम और यातायात विभाग को ज्ञापन सौंपकर मेन रोड से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
व्यापारी संघ का कहना है कि हर बार केवल समझाइश और औपचारिक कार्रवाई कर मामले को टाल दिया जाता है, जबकि सड़क किनारे लगने वाली दुकानें, अवैध अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग लगातार बढ़ती जा रही है। इसका सीधा असर शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है और आम नागरिकों को रोजाना जाम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में विशेष रूप से सुभाष चौक से स्टेशन रोड तक के क्षेत्र की स्थिति पर चिंता व्यक्त की गई। व्यापारियों का आरोप है कि सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें लगाने और बेतरतीब वाहन खड़े होने के कारण यह मार्ग हमेशा जाम की स्थिति में रहता है। प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई कुछ समय के लिए ही असर दिखाती है, जिसके बाद हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं।
व्यापारी संघ ने प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों से पहले विशेष अभियान चलाकर मेन रोड को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और अव्यवस्थित पार्किंग पर भी सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जिला प्रशासन, नगर निगम और यातायात विभाग ने उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया, तो मेन रोड व्यापारी संघ सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगा। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बैठक के अंत में व्यापारियों ने शहर में नियमित और स्थायी अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने की मांग दोहराई। इस दौरान मेन रोड व्यापारी संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी सदस्य उपस्थित रहे।







