“अव्यवस्थित पार्किंग पर निगम का बड़ा एक्शन, शहरभर में लग रहे पार्किंग-नो पार्किंग बोर्ड” 

कटनी। शहर को जाममुक्त, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम कटनी ने बड़ा कदम उठाया है। अब शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त इलाकों में पार्किंग एवं नो पार्किंग के नए साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जिससे अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगेगी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा।

नगर निगम प्रशासन द्वारा वेंकट लाइब्रेरी, गोल बाजार, रामलीला मैदान और जगन्नाथ चौक ओवरब्रिज के आसपास पार्किंग एवं नो पार्किंग के नवीन साइन बोर्ड स्थापित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है, जिसके कारण अक्सर यातायात प्रभावित होता है। नए संकेतक लगने से वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों की स्पष्ट जानकारी मिलेगी और सड़कें अतिक्रमण तथा अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त रह सकेंगी।

नगर निगम के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर योगेश पवार ने बताया कि इससे पहले सुभाष चौक से स्टेशन रोड मार्ग तक नो पार्किंग जोन के साइन बोर्ड तथा विश्वकर्मा पार्क के समीप अधिकृत पार्किंग स्थल का संकेतक लगाया जा चुका है। अब इस अभियान का विस्तार करते हुए शहर के अन्य प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी चरणबद्ध तरीके से बोर्ड लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का पालन करवाना नहीं है, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराना भी है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि नो पार्किंग क्षेत्रों में दोपहिया, चारपहिया वाहन, ऑटो, ठेला-धकेल या किसी भी प्रकार का अस्थायी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे पार्किंग एवं नो पार्किंग संकेतकों का पालन करें और अपने वाहनों को केवल निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा करें। नागरिकों के सहयोग से ही कटनी को जाममुक्त, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर बनाने का लक्ष्य सफल हो सकेगा।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING