
कटनी।कटनी का मुड़वारा रेलवे स्टेशन इन दिनों यात्रियों की सुविधा नहीं बल्कि अव्यवस्थाओं को लेकर सवालों के घेरे में है। रेलवे लगातार नई ट्रेनों का संचालन कर रहा है और यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है, लेकिन सुविधाओं का विस्तार उसी गति से नहीं हो पा रहा है। इसका खामियाजा रोजाना हजारों यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
मुड़वारा रेलवे स्टेशन का क्षेत्रफल काफी बड़ा है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री विभिन्न शहरों के लिए सफर करते हैं। बावजूद इसके स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ी समस्या मुड़वारा स्टेशन के बुकिंग कार्यालय के सामने लगाए गए इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड की है, जो पिछले लगभग दो माह से बंद पड़ा हुआ है। यह डिस्प्ले बोर्ड यात्रियों को ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफॉर्म संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के लिए लगाया गया था, लेकिन इसके बंद होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों को ट्रेनों की समय-सारिणी और गंतव्य की जानकारी नहीं मिल पा रही है। ऐसे में अधिकांश यात्री इधर-उधर भटकते नजर आते हैं और अन्य यात्रियों या रेलवे कर्मचारियों से पूछताछ करने को मजबूर हो जाते हैं कि ट्रेन कहां जा रही है और किस प्लेटफॉर्म पर आएगी।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। यदि जल्द ही डिस्प्ले बोर्ड को चालू नहीं कराया गया तो यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है।







