“मुड़वारा स्टेशन पर जीआरपी चौकी की मांग तेज, यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल’

कटनी। मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर बढ़ती चोरी, झपटमारी और अन्य आपराधिक घटनाओं को देखते हुए रेल सलाहकार समिति के सदस्य केशव मोहनानी निवासी माधवनगर ने कटनी पहुंचे रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर सुंदर सिंह कनेश को ज्ञापन सौंपकर स्टेशन परिसर में जीआरपी चौकी स्थापित किए जाने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि मुड़वारा रेलवे स्टेशन कटनी का एक व्यस्त रेलवे स्टेशन है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। रेल यातायात और यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था उसी अनुपात में मजबूत नहीं हो पाई है। आए दिन मोबाइल चोरी, झपटमारी और अन्य घटनाओं की शिकायतें समाचार पत्रों सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आती रहती हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मुड़वारा रेलवे स्टेशन का क्षेत्रफल काफी बड़ा है और यहां कई प्लेटफॉर्म मौजूद हैं। ऐसे में सीमित पुलिस बल के कारण पूरे क्षेत्र की प्रभावी निगरानी करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। यदि किसी यात्री के साथ चोरी या अन्य वारदात होती है तो उसे शिकायत दर्ज कराने के लिए लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाने तक जाना पड़ता है, जिससे पीड़ितों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है।

रेल पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद कहा कि नई जीआरपी चौकी का गठन मध्य प्रदेश शासन की अनुशंसा के आधार पर ही संभव है। हालांकि, स्टेशन के बड़े क्षेत्रफल और प्राप्त शिकायतों को देखते हुए पुलिस बल बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का आश्वासन भी दिया।अब बड़ा सवाल यह है कि क्या अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती से स्टेशन पर होने वाली चोरी और झपटमारी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लग सकेगा। साथ ही, जिन यात्रियों के साथ वारदात होती है और जिनकी ट्रेन का समय नजदीक होता है, वे तीन किलोमीटर दूर स्थित जीआरपी थाने तक पहुंचकर शिकायत कैसे दर्ज करा पाएंगे। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी चौकी की मांग और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING