
कटनी में “स्कूल चलें हम” अभियान के तहत आयोजित शाला प्रारंभ उत्सव के दूसरे चरण में नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने शासकीय ईपीईएस खिरहनी विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों को शिक्षा, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित करते हुए सफलता का मूल मंत्र बताया। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कक्षा 6वीं, 7वीं और 8वीं के विद्यार्थियों से आत्मीय चर्चा की। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सीख दी।
निगमायुक्त ने विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पूरी लगन और समर्पण से अध्ययन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि छात्र जीवन ही भविष्य की दिशा और दशा तय करता है। आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से हर सपना साकार किया जा सकता है। संवाद के दौरान उन्होंने खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में स्वच्छता का संदेश देते हुए निगमायुक्त ने विद्यार्थियों से विद्यालय, घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ और समृद्ध समाज की आधारशिला है और हर नागरिक का यह दायित्व है कि वह स्वयं स्वच्छता अपनाए तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका निगमायुक्त ने सरल और प्रेरक शैली में उत्तर दिया। उनके संबोधन से विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। इस अवसर पर प्राचार्य शिव कुमार सोलंकी सहित विद्यालय का समस्त शिक्षक एवं स्टाफ मौजूद रहा।







