
कटनी कोतवाली पुलिस ने मोबाइल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रकों में सो रहे चालकों और खलासियों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत के पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामला 22 जून की रात का है, जब छतरपुर निवासी ट्रक हेल्पर अरुण यादव ने अपना ट्रक नदीपार स्थित चाण्डक पेट्रोल पंप के सामने खड़ा किया था। सुबह उठने पर ट्रक के केबिन में चार्जिंग पर लगा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन गायब मिला। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की इसी दिन पन्ना जिले के अजयगढ़ निवासी ट्रक खलासी अनुज कुमार अहिरवार ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई कि मुड़वारा स्टेशन के पास खड़े ट्रक के केबिन से उसका वन प्लस मोबाइल चोरी हो गया। एक ही रात में हुई दो चोरी की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक मुड़वारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में महंगे मोबाइल बेहद कम कीमत पर बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कुंदन चौधरी, उम्र 24 वर्ष, निवासी राहुल बाग, निमिया मोहल्ला, कटनी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से पांच मोबाइल फोन बरामद हुए। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने चाण्डक पेट्रोल पंप और मुड़वारा स्टेशन क्षेत्र में खड़े ट्रकों से मोबाइल चोरी करना स्वीकार कर लिया। साथ ही पूर्व में चोरी किए गए तीन अन्य मोबाइल भी अपने कब्जे में होना बताया पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन वीवो, एक वन प्लस और एक रियलमी कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है। अन्य तीन मोबाइलों के वास्तविक मालिकों की पहचान साइबर सेल की मदद से की जा रही है।
थाना प्रभारी राखी पाण्डेय के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पूछताछ में कई अन्य चोरी की घटनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, एएसआई दीपेन्द्र शर्मा और प्रधान आरक्षक नीरज तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।







