
कटनी। जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत धुरी-बंधी ग्राम स्थित एक गहरी खदान में युवक के डूबने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। घटना की जानकारी प्राप्त होते ही कलेक्टर आशीष तिवारी ने तत्काल एसडीईआरएफ टीम को मौके पर रवाना करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देशानुसार प्लाटून कमांडर श्वेता गुप्ता के नेतृत्व में चार सदस्यीय एसडीईआरएफ दल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। वहीं स्थानीय पुलिस बल को भी तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
प्रतिकूल परिस्थितियों में जारी रेस्क्यू अभियान
मौके पर मौजूद प्लाटून कमांडर श्वेता गुप्ता ने बताया कि धुरी-बंधी ग्राम स्थित खदान में डूबे युवक की तलाश के लिए सर्चिंग और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। खदान की गहराई जमीन स्तर से करीब 100 फीट नीचे बताई जा रही है। संकरी जगह, घना अंधेरा और रात का समय रेस्क्यू ऑपरेशन को बेहद चुनौतीपूर्ण बना रहा है। इसके बावजूद एसडीईआरएफ टीम पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अभियान संचालित कर रही है।
डूबे युवक की पहचान ग्राम धुरी निवासी दुर्गेश कुशवाहा पिता प्रताप कुशवाहा, उम्र लगभग 26 वर्ष के रूप में हुई है।
प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है और युवक की तलाश को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।








