
कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत चाका बायपास के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के मुताबिक कार में सवार सूर्यांश सेंगर, विवेक राजपूत, प्रीतम शुक्ला और अमित सिंह सहित अन्य लोग कटनी में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग कार से सतना की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान चाका बायपास के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक वाहन के अंदर ही फंस गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
डॉ रवि शंकर शुक्ला ड्यूटी डॉक्टर
मौके पर पहुंची कुठला थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और सभी को इलाज के लिए कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं खबर लिखे जाने तक कार चालक को बाहर निकालने के लिए पुलिस को रेस्क्यू करना पड़ा। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल अमित सिंह निवासी बजरौली प्रतापगढ़ की इलाज के दौरान मौत होना बताई गई, जबकि अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
108 चालक
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है।








