
कटनी में आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह का माधवनगर पुलिस ने बड़ा भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक दस्तावेज सहित करीब ढाई लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि माधवनगर क्षेत्र का निवासी मुकेश उर्फ मुक्कू पोपटानी ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित कर रहा है।
सूचना के बाद माधवनगर, कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने रफी किदवई वार्ड स्थित दुबे कॉलोनी में दबिश दी। यहां पुलिस ने मुकेश उर्फ मुक्कू पोपटानी और सूरत गुजरात निवासी हितेश डायाभाई खूट उर्फ पटेल को लैपटॉप और मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों के पास सट्टा संचालन का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 7 मोबाइल फोन, 10 बैंक पासबुक, 19 एटीएम कार्ड, एक लैपटॉप, एटीएम स्वाइप मशीन, जियो वाई-फाई राउटर, हिसाब-किताब का रजिस्टर और 4 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मकान मालिक गगन नाकरा के कहने पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मुख्य सरगना गगन नाकरा मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और बैंक खातों के जरिए पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। माना जा रहा है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी का यह नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है।






