
कटनी।कटनी नगर निगम ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपूर्ण निराकरण में प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जारी नई ग्रेडिंग में नगर निगम कटनी प्रथम समूह के नगर निगमों में प्रदेश के टॉप-10 में शामिल हुआ है। निगम ने 91.79 वेटेज स्कोर के साथ प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त करते हुए ए ग्रेड हासिल किया है।
नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार के नेतृत्व और लगातार मॉनिटरिंग के चलते यह सफलता मिली है। अप्रैल माह में प्राप्त कुल 587 शिकायतों के निराकरण में निगम प्रशासन ने त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए 53.87 प्रतिशत संतुष्टिपूर्ण निराकरण दर्ज किया।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने इस उपलब्धि पर अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निराकरण में और अधिक संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य किया जाए ताकि आम नागरिकों को जल्द राहत मिल सके।
गौरतलब है कि राज्य शासन हर महीने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण, संतुष्टि स्तर और लंबित मामलों के आधार पर नगरीय निकायों की ग्रेडिंग जारी करता है। नगर निगम कटनी लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।







