
कटनी। रेलवे ठेके में निवेश का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को एन.के.जे. पुलिस ने पन्ना जिले से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की पूरी रकम 36 लाख 30 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई टोयोटा फॉर्च्यूनर कार भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता देवकीनंदन परौहा (59), निवासी दुर्गाचौक एन.के.जे., ने 5 मई 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पन्ना निवासी तुलसी राम साहू उर्फ बोका साहू ने खुद को रेलवे कॉन्ट्रैक्टर बताते हुए ग्राम सकारिया में ठेका मिलने का झांसा दिया और निवेश के नाम पर 36 लाख 30 हजार रुपये ठग लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, एएसपी संतोष डेहरिया और डीएसपी रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
सायबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन पन्ना जिले के शाहनगर के पास ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से पूरी ठगी की रकम 36 लाख 30 हजार रुपये और काले रंग की टोयोटा फॉर्च्यूनर कार जब्त कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।





