
कटनी — नगर निगम की बुनियादी सेवाओं का लाभ प्रत्येक वार्ड के नागरिकों तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगम प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने वार्ड क्रमांक 17, पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड अंतर्गत दुबे कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने दुबे कॉलोनी के मुख्य मार्ग, विभिन्न गलियों, तुलसी नगर अपार्टमेंट और गोपाल नगर मोड़ सहित कई स्थानों का पैदल भ्रमण कर स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय रहवासियों से बातचीत कर सफाई व्यवस्था की गुणवत्ता की जानकारी ली और स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को स्वच्छता व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
कचरा वाहनों की खुद जांच
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने घर-घर से एकत्रित किए गए कचरे की स्वयं जांच की। उन्होंने गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही अपार्टमेंट से निकलने वाले सेनेटरी और हैज़ार्डस वेस्ट के अलग संग्रहण की भी समीक्षा की उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों को जागरूक कर घर से ही कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित कराया जाए, क्योंकि यही स्वच्छता व्यवस्था की सबसे अहम कड़ी है।
रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन पर जोर
निगमायुक्त ने कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखने में रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की अहम भूमिका होती है। उन्होंने तुलसी नगर अपार्टमेंट सहित अन्य अपार्टमेंट्स में एसोसिएशन गठन पर जोर देते हुए कहा कि सामूहिक भागीदारी से ही स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण संभव है।
मानसून से पहले नालों की सफाई के निर्देश
जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने बड़े और छोटे नाले-नालियों की मानसून पूर्व सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश में जलभराव की समस्या न हो।
सोक पिट और नाली मरम्मत के निर्देश
सोमनाथ मंदिर मार्ग पर सार्वजनिक हैंडपंप के पास स्वच्छता सुधार और जल संरक्षण के लिए सोक पिट निर्माण के निर्देश दिए गए। वहीं सन्यासी बाबा मंदिर मार्ग पर क्षतिग्रस्त नाली की मरम्मत कर जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, सेनेटरी इंस्पेक्टर दीपक मालिक, तीरथ प्रसाद बेगा, वार्ड दरोगा विनय सिंधिया सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला मौजूद रहा।








