
कटनी। दिनांक 10/11 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात थाना स्लीमनाबाद पुलिस को डायल-112 पर सूचना मिली कि छपरा नेशनल हाईवे पर वाहन क्रमांक MP 20 GA 6242 में एक अज्ञात व्यक्ति खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तत्काल शासकीय अस्पताल स्लीमनाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा कटनी
मामले में मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 216/26 धारा 103(1) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मृतक की पहचान राकेश दाहिया (42 वर्ष), निवासी लखराम मोहल्ला खितौला, सिहोरा (जबलपुर) के रूप में हुई, जो पेशे से ड्राइवर था।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और एफएसएल टीम जबलपुर की मदद से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की गई।
दिनांक 22 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर संदेही रोहित कोल (21 वर्ष) निवासी ग्राम बंधी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी अमन चौबे उर्फ पंकज चौबे उर्फ भूत (22 वर्ष) एवं एक अन्य साथी मनोज के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मृतक से लिफ्ट ली, फिर साथ में शराब पी और पैसों की मांग की। पैसे न देने पर तीनों ने मिलकर हाथ-मुक्कों और व्हील पाना से मारपीट कर हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त व्हील पाना एवं मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका:
इस पूरे मामले के खुलासे में एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी, थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार, उप निरीक्षक अनिल यादव, सहायक उप निरीक्षक मथुरा प्रसाद सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों एवं साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






