
कटनी। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने राजस्व वसूली कार्य में सुस्ती पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि शासन द्वारा दी गई छूट के बावजूद लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय मानी जाएगी। शुक्रवार सुबह आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने वसूली कार्य में तेजी लाने और 31 मार्च तक बढ़ाई गई छूट योजना का अधिकतम लाभ नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

तत्परता और जवाबदेही पर जोर
निगमायुक्त ने कहा कि बकाया कर जमा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। शासन द्वारा अधिभार में दी जा रही छूट नागरिकों के लिए सुनहरा अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व अमला पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ फील्ड में उतरकर बड़े बकायेदारों से संपर्क करे और समय सीमा में वसूली सुनिश्चित करे। साथ ही शासकीय कार्यालयों से सेवा कर वसूली और गरीब बस्तियों तक छूट का लाभ पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया।
कम वसूली पर नाराजगी, सुधार के निर्देश
समीक्षा के दौरान लक्ष्य के मुकाबले कम वसूली पर वसूलीकर्ता शैलेष कुंडे, सचिन मिश्रा, शुभम प्यासी, दीपक रैकवार एवं महेश पटेल पर नाराजगी जताई गई और दैनिक कार्ययोजना बनाकर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं उत्कृष्ट वसूली करने पर राजस्व निरीक्षक विनोद सिंह चौहान की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
बकायेदारों पर सख्ती के निर्देश
निगमायुक्त ने शेष बकायेदारों पर विशेष फोकस करते हुए डोर-टू-डोर संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए। बड़े बकायेदारों द्वारा भुगतान न करने पर कुर्की, वारंट, तालाबंदी और नल कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई करने की हिदायत दी गई। साथ ही नागरिकों को ई-नगरपालिका ऐप और चैटबॉट सेवा के माध्यम से घर बैठे भुगतान कर छूट का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने को कहा।
जलकर वसूली बढ़ाने के निर्देश
जलकर वसूली में कमी पर भी नाराजगी जताते हुए निगमायुक्त ने अमले को घर-घर संपर्क कर बकाया जमा कराने और आवश्यकता पड़ने पर नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।
अंतिम चार दिन महत्वपूर्ण बैठक के अंत में निगमायुक्त ने कहा कि 31 मार्च तक ही छूट का अवसर है, ऐसे में शेष चार दिनों में पूरी ईमानदारी से कार्य कर अधिकतम वसूली सुनिश्चित करें। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर बकाया कर जमा करें, जिससे नगर विकास को गति मिल सके।






