
newsvoiceofindia
कटनी। मंगलवार को शहर में कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भावनाओं, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत माँ सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं तिलक लगाकर किया गया। समारोह में विद्यालय समिति के अध्यक्ष धन्यकुमार गांधी, व्यवस्थापक अशोक भगेरिया, इंदिरानगर के प्रधानाचार्य अशोक शुक्ला एवं गायत्रीनगर विद्यालय के प्रधानाचार्य रमाकांत दुबे मंचासीन रहे।
मंच से संबोधित करते हुए सभी अतिथियों ने विदा ले रहे भैया-बहनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में प्राप्त संस्कार और शिक्षा ही उनके भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे।
विदाई समारोह के दौरान विद्यालय के भैया-बहनों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य, गीत, कविता एवं लघु नाटिका की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की।
इस सफल आयोजन में रश्मि दुबे, रमा चौबे, हेमलता रैकवार, हितिका यादव, सुनीता विश्वकर्मा सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में विदा ले रहे विद्यार्थियों का मुंह मीठा करवाकर उन्हें विद्यालय की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। भावुक माहौल के बीच छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और एक-दूसरे से संपर्क बनाए रखने का वादा किया।





