
newsvoiceofindia
कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में डायल-112 वाहन में तोड़फोड़ और पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 12 फरवरी 2026 की है, जब बंधी रेल फाटक के पास एक हाईवा और मोटरसाइकिल के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया था। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचा लेकिन घटना से आक्रोशित 10 से 15 ग्रामीणों ने पुलिस दल पर ही पथराव कर दिया। इस दौरान डायल-112 वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन में सवार पुलिस स्टाफ व पायलट को चोटें आईं मामले में थाना स्लीमनाबाद में अपराध क्रमांक 89/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना स्लीमनाबाद और थाना उमरियापान की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई की 14 फरवरी को पुलिस ने तीन आरोपियों — सागर उर्फ जग्गी कोल (19), अभिषेक कोल (19) और अर्जुन कोल (20), निवासी धरवारा — को गिरफ्तार कर लिया आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुदेश समन, थाना प्रभारी उमरियापान महेंद्र जायसवाल, उपनिरीक्षक अनिल यादव और सहायक उपनिरीक्षक जुबेर अली सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
फिलहाल प्रकरण में चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।






