
कटनी जिले की एक ग्राम पंचायत में सीसी सड़क निर्माण को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का काम एक साल पहले शुरू हुआ, लेकिन आज तक पूरा नहीं हुआ। इतना ही नहीं, निर्माण सामग्री को दूसरी जगह इस्तेमाल करने और पुराने निर्माण के बावजूद दोबारा स्वीकृति दिखाकर सरकारी राशि के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया है।
उल्लेखनीय है कि कटनी जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कंहवारा के वार्ड क्रमांक-6, छैघरा के रहवासियों ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को शिकायत सौंपकर सड़क निर्माण में अनियमितताओं की जांच की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार करीब एक वर्ष पहले लगभग आधा किलोमीटर लंबी सीसी सड़क निर्माण के लिए रेत और गिट्टी डाली गई थी। कुछ दूरी तक सामग्री बिछाने के बाद निर्माण कार्य अचानक बंद कर दिया गया। तब से सड़क अधूरी पड़ी है और बरसात के मौसम में लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए लाई गई सामग्री में से केवल करीब 100 फीट सड़क पर उपयोग किया गया, जबकि शेष रेत, गिट्टी और सीमेंट को पंचायत सचिव द्वारा दूसरी जगह इस्तेमाल किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार पूछने पर भी उन्हें केवल आश्वासन दिया जाता रहा क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि इसी वार्ड में लगभग छह वर्ष पहले नाली का निर्माण कराया जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा नाली निर्माण की स्वीकृति दिखाकर सरकारी राशि का दुरुपयोग किए जाने की आशंका जताई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड पंच द्वारा निर्माण कार्य से जुड़ी जानकारी और दस्तावेज मांगे जाने पर भी पंचायत सचिव ने कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। इससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है।
फिलहाल वार्डवासियों ने जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और ग्रामीणों को कब तक अधूरी सड़क से राहत मिलती है।







