
कटनी। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कटनी द्वारा प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों की बैठक सह प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन आनंदम स्थल सभागार में किया गया। कार्यशाला में ग्राम विकास, जनभागीदारी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रदेश सलाहकार शिवनारायण पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष राम पटेल, जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, संभाग समन्वयक रवि प्रसाद बर्मन, आनंद विभाग के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीडर अनिल कांबले तथा जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल सहित कई अतिथि उपस्थित रहे। विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने कार्यशाला के उद्देश्यों और कार्यक्रम की रूपरेखा से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
मुख्य अतिथि शिवनारायण पटेल ने प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधियों से गांवों में निरंतर जनसंपर्क बनाए रखने, प्रबुद्ध एवं विशिष्ट नागरिकों की जानकारी संकलित करने तथा उनके सहयोग से ग्राम विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने नवांकुर संस्थाओं के माध्यम से प्रत्येक सेक्टर के एक आदर्श ग्राम में संस्कार केंद्र, वाचनालय, जन सूचना केंद्र और नर्सरी स्थापित करने पर जोर दिया। साथ ही सड़कों पर घूमने वाले गौवंश की सुरक्षा के लिए रेडियम बेल्ट लगाने और “गौ सुरक्षा से जन सुरक्षा” अभियान चलाने की अपील की जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि ग्राम स्तर पर प्रस्फुटन समितियां शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। संभाग समन्वयक रवि प्रसाद बर्मन ने हरियाली यात्रा, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान, नवांकुर सखी कार्यक्रम, तिरंगा यात्रा और मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर 4 जुलाई से 12 अगस्त तक आयोजित स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी दी और नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों को संयुक्त कार्ययोजना बनाकर कार्यक्रमों के सफल आयोजन के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के विकासखंड समन्वयक जग्गी पटेल ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की तकनीकी जानकारी देते हुए गांवों में स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। वहीं, दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र के जिला प्रमुख शरद सोनी ने दिव्यांगजनों के लिए संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने की अपील की।कार्यशाला के समापन अवसर पर “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा रैली निकालकर समाज में नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि रामलखन चौधरी, हीरामणि हल्दकार, साध्वी निगम, राजू यादव, शिवम मिश्रा, गनपत कोल, परामर्शदाता रामानुज पांडेय, संयोगिता मिश्रा, समाजसेवी विजय दुबे, संतोष निषाद सहित विकासखंड की ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








