
कटनी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब रेलवे के टिकट चेकिंग स्टाफ ने पूरे स्टेशन की किलाबंदी कर बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान एक पुलिस आरक्षक भी बिना वैध टिकट के यात्रा करते हुए पकड़ा गया, जिस पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया।
पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) के निर्देश पर शुक्रवार को मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर एक साथ विशेष किलाबंदी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में कटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग स्टाफ ने स्टेशन के सभी प्रवेश और निकास मार्गों पर घेराबंदी कर यात्रियों की सघन जांच शुरू की।
अभियान के दौरान लगभग दो दर्जन ट्रेनों की जांच की गई। कटनी पहुंची गाड़ी संख्या 05558 रक्सौल–लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से उतरने वाले यात्रियों के टिकट भी बारीकी से जांचे गए। इसी दौरान जबलपुर से कटनी की यात्रा कर रहे एक पुलिस आरक्षक के पास वैध टिकट नहीं मिला। टिकट निरीक्षकों ने नियमों के तहत आरक्षक पर भी जुर्माना लगाया और रसीद जारी की।
जांच के दौरान कई यात्री बिना टिकट या अनियमित टिकट के यात्रा करते हुए मिले। सभी के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत जुर्माना कार्रवाई की गई। वहीं किलाबंदी अभियान के दौरान करीब आधा दर्जन अवैध वेंडरों को भी पकड़कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस विशेष अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना, राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना और स्टेशन परिसर में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण करना है। अभियान में लगभग दो दर्जन टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ रेलवे सुरक्षा बल और अन्य कर्मचारी भी सक्रिय रहे।
रेलवे का यह विशेष किलाबंदी अभियान यात्रियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी। आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहने की संभावना है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
अभियान में सीटीआई धीरेंद्र दहिया, सीसीआई नावेद सिद्दीकी, विनय खरे, मुमताज अली, संदीप श्रीवास्तव, संजय जैन, लक्ष्मीकांत शुक्ला, राहुल कुमार, अभिषेक परिहार, जितेंद्र मीणा, दीपक सोनी, बबलू नायक, बलराम कुमार, गुलाब गुलाब सिंह गौतम, अनूप सिंह और संतोष सहित अन्य टीसी स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।









