
newsvoiceofindia/
कटनी, मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की राशि को लेकर महिलाओं में उत्साह के साथ-साथ नाराज़गी भी देखने को मिल रही है। कटनी जिले में हालात ऐसे हैं कि इस योजना से जुड़ी अफवाहों ने प्रशासन की परेशानी बढ़ा दी है।दरअसल, बीते कई दिनों से बड़ी संख्या में महिलाएं लाडली लक्ष्मी योजना से जुड़े फॉर्म लेकर कटनी कलेक्टर कार्यालय पहुंच रही हैं। महिलाओं का कहना है कि उन्हें जानकारी मिली थी कि फॉर्म दोबारा जमा किए जा रहे हैं। लेकिन जब वे कार्यालय पहुंचती हैं तो अंदर प्रवेश और फॉर्म स्वीकार न होने को लेकर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर नजर आता है।
सबसे अहम बात यह है कि मध्य प्रदेश सरकार या जिला प्रशासन की ओर से लाडली लक्ष्मी योजना के फॉर्म दोबारा जमा कराने को लेकर कोई भी आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। इसके बावजूद पूरे जिले में यह चर्चा जोरों पर है कि कलेक्टर कार्यालय में फॉर्म जमा हो रहे हैं।
इसी भ्रम का फायदा कुछ निजी दुकान संचालक उठा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कलेक्टर कार्यालय के सामने ही फोटो कापी दुकानों पर लाडली लक्ष्मी योजना के फॉर्म और फोटो कॉपी खुलेआम बेची जा रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को गुमराह किया जा रहा है और दुकानदार अच्छा-खासा मुनाफा कमा रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि अब तक इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार की ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे महिलाओं में भ्रम और असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस पूरे मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट करता है या फिर फॉर्म वितरण और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करता है, ताकि मामा की लाडली बहनों को बेवजह परेशान न होना पड़े।






