
कटनी जिले में साइबर ठगों ने एक बार फिर शातिराना तरीके से एक मेहनतकश रेल कर्मचारी को अपना शिकार बना लिया। मामला कटनी कलेक्ट्रेट के सामने स्थित ATM का है, जहां पैसा निकालने पहुंचे एक रेल कर्मचारी से 87 हजार रुपये की साइबर ठगी कर ली गई।
दरअसल, पीड़ित रेल कर्मचारी सुशील हलदकार, जो कि डीजल शेड कटनी में पदस्थ हैं, ATM से पैसा निकाल रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को उनका रिश्तेदार बताया और कहा कि उनके WhatsApp पर एक लिंक भेजा गया है, जिस पर पैसा ट्रांसफर किया गया है और उसे सिर्फ “ओके” करना है।
विश्वास में आकर जैसे ही रेल कर्मचारी ने उस लिंक को ओके किया, कुछ ही पलों में उनके बैंक खाते से 87,000 रुपये निकल गए। जब खाते से पैसे कटने का मैसेज आया तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और स्लीमनाबाद थाने में पूरे मामले की सूचना दी। थाना प्रभारी ने तुरंत साइबर विभाग से संपर्क कर पीड़ित को साइबर क्राइम पोर्टल पर आवेदन करने की सलाह दी।
अब सवाल यह है कि क्या साइबर ठगी करने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आएंगे या फिर रेल कर्मचारी को अपनी मेहनत की कमाई से हाथ धोना पड़ेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






