“वित्तीय अनियमितता पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, बहोरीबंद अस्पताल के तत्कालीन लेखापाल निलंबित”

कटनी। वित्तीय अनियमितता और पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही बरतने के मामले में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सख्त कार्रवाई करते हुए बहोरीबंद अस्पताल में पदस्थ तत्कालीन प्रभारी लेखापाल, वर्तमान में जिला अस्पताल में पदस्थ सहायक ग्रेड-3  राहुल मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई बहोरीबंद में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल जांच कराई गई थी।जनसुनवाई में सामने आया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाकल, बहोरीबंद से सेवानिवृत्त एएनएम श्रीमती सावित्री देवी वर्मा को उनके पेंशन, जीपीएफ राशि एवं अन्य स्वत्वों का भुगतान समय पर उनके खातों में प्राप्त नहीं हुआ था। कलेक्टर के निर्देश पर की गई जांच में यह तथ्य सामने आया कि तत्कालीन प्रभारी लेखापाल  राहुल मिश्रा द्वारा अपने पदीय कर्तव्यों का समुचित निर्वहन नहीं किया गया। यह कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के अंतर्गत वित्तीय अनियमितता एवं गंभीर लापरवाही की श्रेणी में पाया गया।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने इसे पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं उदासीनता मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(2) के तहत राहुल मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि के दौरान श्री मिश्रा को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
साथ ही, निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कटनी निर्धारित किया गया है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING