
मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत के बाद कटनी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। शहर के सुभाष चौक पर बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नाचे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की।
दतिया उपचुनाव के नतीजे आते ही कटनी कांग्रेस में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ता सुभाष चौक पहुंचे, जहां ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।
इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि दतिया की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और यह जीत संगठन की एकजुटता का प्रमाण है।
वहीं पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने कहा कि दतिया की जनता ने अपने मतदान से यह संदेश दिया है कि जनता सच और झूठ का फर्क अच्छी तरह समझती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लंबे समय से विकास और व्यवस्थाओं को लेकर बड़े-बड़े दावे करती रही, लेकिन जनता ने उपचुनाव में अपना जवाब दे दिया है।
जश्न के दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और जीत का उल्लास साफ देखने को मिला।






