
कटनी जिले में अवैध मदिरा निर्माण, विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आबकारी विभाग की टीम ने विजयराघवगढ़ क्षेत्र के कई गांवों में दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। जिले में अवैध मदिरा निर्माण, विक्रय एवं परिवहन पर रोक लगाने हेतु कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की जांच के आधार पर वृत्त विजयराघवगढ़ अंतर्गत ग्राम कुँदरेही, पथरहटा, हथेड़ा, खिरवा एवं फुटहाटोला में आबकारी विभाग द्वारा दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान कुल 70 पाव देशी मदिरा मसाला, 40 पाव देशी मदिरा प्लेन, 13 लीटर हाथ भट्ठी शराब तथा 330 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त किया गया।
इस संबंध में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क एवं 34(1)च के तहत कुल 6 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
जप्त महुआ लाहन का सैंपल लेकर शेष लाहन मौके पर ही नष्ट किया गया।जिला आबकारी अधिकारी सुश्री विभा मरकाम ने बताया कि जिले के सभी वृत्तों में समय-समय पर दबिश, गश्त एवं भ्रमण की कार्रवाई लगातार जारी है, जिससे अवैध मदिरा पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
इस कार्रवाई में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी मंशा राम उइके के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। टीम में वृत्त सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण रतन बरकड़े, आबकारी उपनिरीक्षक अतुल कुटार, आंचल प्रजापति, आबकारी आरक्षक चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, राजेश गौंटिया, राम सिंह सैनिक एवं रवि शंकर तिवारी शामिल रहे, जिनकी कार्यवाही सराहनीय रही।






