
न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया/
कटनी। कटनी नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा सेंट्रल पार्किंग हटाने की पहल की गई है। इस जनहितकारी निर्णय में सहयोग देने वाले स्टेशन चौराहा से सुभाष चौक तक के मुख्य मार्ग के व्यवसायियों के प्रति महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने निगम पार्षदों की टीम के साथ संवाद करते हुए आभार व्यक्त किया एवं महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर के प्रमुख मार्गों पर यातायात सुधार में व्यापारियों की सहभागिता अत्यंत सराहनीय है। सकारात्मक सहयोग नगर विकास की दिशा को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर के समुचित विकास में स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों की भूमिका अहम होती है, और भविष्य में भी नगर विकास के कार्यों में इसी प्रकार सहयोग अपेक्षित है।
इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, बीना संजू बनर्जी, गोविंद चावला सहित पार्षद मौसुफ बिट्टू, वंदना राजकिशोर यादव, शकुंतला सोनी, रेखा संजय तिवारी, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद कमलेश चौधरी, जीवन चौधरी, डब्बू रजक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं व्यापारी संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।
व्यवसायियों से संपर्क के दौरान महापौर ने मुख्य मार्ग पर यातायात की स्थिति, पैदल यात्रियों की सुविधा, नो-पार्किंग जोन, चिन्हित पार्किंग स्थलों एवं व्यापारिक गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान यह स्पष्ट रूप से देखने को मिला कि व्यापारी प्रशासन के साथ मिलकर यातायात सुधार के प्रयासों को सफल बना रहे हैं।
कुछ स्थानों पर अव्यवस्थित खड़े वाहनों को लेकर महापौर ने वाहन चालकों से संवाद कर निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि सेंट्रल पार्किंग व्यवस्था समाप्त होने से यातायात अवरोध कम हुआ है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल रही है और व्यापारिक गतिविधियां भी अधिक सुचारू रूप से संचालित हो पा रही हैं। नगर निगम भविष्य में भी संवाद और समन्वय के माध्यम से यातायात सुधार, अतिक्रमण नियंत्रण एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार हेतु कार्य करता रहेगा।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने मुख्य मार्गों की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देते हुए सफाई व्यवस्था में और कसावट लाने, विद्युत पोलों पर लगे अव्यवस्थित बैनर-पोस्टर हटाने तथा सड़क पर मौजूद गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
नगर निगम प्रशासन ने आम नागरिकों और व्यापारी वर्ग से अपील की है कि नगर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने में इसी प्रकार सहयोग करते रहें, ताकि कटनी को एक आदर्श एवं सुगम नगर के रूप में विकसित किया जा सके।
इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री असित खरे, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, प्रभारी सहायक यंत्री आदेश जैन, सुनील सिंह, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उपयंत्री शैलेंद्र प्यासी, संजय मिश्रा, मृदुल श्रीवास्तव, मोना करेरा, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह, स्वच्छता निरीक्षक तेजभान सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रही।








