
कटनी। न्यूज़वॉइसऑफ इंडिया— नगर निगम महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने गुरुवार को माधवनगर के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेमू कालाणी वार्ड, आचार्य कृपलानी वार्ड और माधव नगर उप-कार्यालय का स्थल निरीक्षण कर क्षेत्र की व्यवस्थाओं एवं नागरिक सुविधाओं का विस्तृत आकलन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
नवनिर्मित सी.सी. सड़क का निरीक्षण
महापौर श्रीमती सूरी ने क्षेत्रीय पार्षद सुमन राजू माखीजा के साथ हेमू कालाणी वार्ड में लगभग 17 लाख रुपये की लागत से निर्मित 300 मीटर सी.सी. सड़क का निरीक्षण किया।
उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, स्तर और समतलीकरण की बारीकी से जाँच करते हुए इसे मानक के अनुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय नागरिकों ने वार्ड में किए गए विकास कार्यों के लिए महापौर एवं पार्षद को धन्यवाद दिया। इस दौरान महापौर ने कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएँ प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सफाई व्यवस्था को लेकर निर्देश – महापौर
निरीक्षण के दौरान आचार्य कृपलानी वार्ड के निवासियों ने वार्ड में सफाई कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं होने की शिकायत की।
इस पर महापौर श्रीमती सूरी ने स्वास्थ्य विभाग को त्वरित कार्रवाई के सख़्त निर्देश देते हुए कहा कि वार्ड में सफाई नियमित और प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें खुले में कचरा न फैलाएँ स्वच्छता को जनभागीदारी से सफल बनाएं।
माधव नगर उप-कार्यालय का औचक निरीक्षण
महापौर श्रीमती सूरी ने माधवनगर स्थित नगर निगम के उप-कार्यालय का औचक निरीक्षण भी किया।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने उन्हें कार्यालय से जुड़ी आवश्यकताओं और तात्कालिक कठिनाइयों से अवगत कराया।
महापौर ने इन समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यालयीन कार्य व्यवस्थित रूप से संचालित हो नागरिकों को बेहतर और त्वरित सेवाएँ मिल सकें।







