“शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: लग्जरी कार से 63 लीटर अवैध शराब जब्त, 6.39 लाख का मशरूका बरामद”

कटनी। जिले में नशीले पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अवैध देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 6 लाख 39 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक रीतेश शर्मा के नेतृत्व में की गई।

जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के ग्राम झिरिया मोड़ तालाब के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध टोयोटा ग्लेंजा कार (क्रमांक MP 21 ZJ 0141) को रोककर जांच की गई।

वाहन चालक से पूछताछ में उसने अपना नाम रफीक अहमद उर्फ सोनू, निवासी आजाद चौक विजयराघवगढ़ बताया। जब पुलिस ने कार की डिक्की की तलाशी ली तो उसमें खाकी रंग की 07 पेटियां मिलीं। पेटियों को खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।

जब्त शराब में देशी प्लेन शराब की 05 पेटियां, जिनमें कुल 250 पाव (प्रत्येक 180 एमएल) शामिल हैं, जिसकी अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई गई है। वहीं अंग्रेजी गोवा शराब की 02 पेटियां, जिनमें 100 पाव (प्रत्येक 180 एमएल) पाए गए, जिनकी कीमत करीब 14 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने कुल 63 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत लगभग 39 हजार रुपये है, और शराब परिवहन में प्रयुक्त टोयोटा ग्लेंजा कार, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है, को जब्त कर लिया है। कुल मिलाकर 6 लाख 39 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी रफीक अहमद उर्फ सोनू के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING