“पीएम स्वनिधि योजना में 17 हितग्राहियों को मिला लोन स्वीकृति पत्र, निगम प्रशासन के प्रयासों को मिली गति”

कटनी (2 दिसंबर) – नगर के रेहड़ी-पटरी एवं छोटे फेरी-विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नगर निगम लगातार पहल कर रहा है। इसी क्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ दिलाने हेतु प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

इन प्रयासों को गति देते हुए विगत दिवस आयोजित विशेष शिविर में 17 हितग्राहियों के लोन प्रकरण स्वीकृत कर उन्हें स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

योजना प्रभारी एवं नगर निगम की एनयूएलएम शाखा के सिटी मिशन मैनेजर यश रजक ने बताया कि इंडियन बैंक में लगाए गए इस विशेष शिविर में सभी आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र पाए गए 17 विक्रेताओं को कार्यशील पूंजी हेतु लोन स्वीकृत किया गया।

सिटी मिशन मैनेजर रजक ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उद्देश्य छोटे पथ-विक्रेताओं को बिना गारंटी कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने छोटे व्यवसाय को सुदृढ़ करते हुए आत्मनिर्भर बन सकें।

शिविर में लोन स्वीकृति के साथ ही लाभार्थियों को डिजिटल भुगतान, समय पर पुनर्भुगतान पर मिलने वाले प्रोत्साहन, तथा योजना के अन्य लाभों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।

नगर निगम ने क्षेत्र के शेष पात्र पथ-विक्रेताओं से अपील की है कि वे योजना के तहत 15,000 रुपये के ऋण हेतु आवेदन करें। वहीं, प्रथम चरण का ऋण समय पर चुकता कर चुके हितग्राही 25,000 रुपये तथा 50,000 रुपये तक की वृद्धि लोन राशि के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।

सभी इच्छुक पात्र हितग्राहियों से अनुरोध है कि अपने आवश्यक दस्तावेजों सहित नगर निगम कार्यालय के कक्ष क्रमांक 63 में उपस्थित होकर योजना का लाभ प्राप्त करें।

 

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING