
कटनी/बड़वारा पुलिस ने अंतरराज्यीय डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है बता दे की दिनांक 04 नवम्बर 2025 को फरियादी अजीत यादव पिता छोटेलाल यादव उम्र 26 वर्ष निवासी नन्हवारा सेझा द्वारा थाना एन.के.जे. में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 03 नवम्बर की रात लगभग 1:40 बजे वह ट्रक क्रमांक MP-21 H 1111 से गोटउदे माइन से पत्थर लेकर माँ शारदा फैक्ट्री पहुँचा था। रात अधिक हो जाने से फैक्ट्री का गेट बंद था, जिसके कारण ट्रक को बाहर खड़ा कर वह रात करीब 2 बजे ट्रक में ही सो गया।
सुबह 6:30 बजे जागने पर उसने देखा कि ट्रक के डीजल टैंक की जाली टूटी हुई थी और लगभग 125 लीटर डीजल (कीमत ₹11,500) चोरी हो चुका था।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना एन.के.जे. पुलिस द्वारा अपराध धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उनि के.के. पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई।
जांच के दौरान पूर्व से डीजल चोरी में संलिप्त तीन आरोपियों —
शुभम लोनी पिता राजेश लोनी, उम्र 23 वर्ष, निवासी लोढ़ा थाना कोतवाली उमरिया,आशीष चौधरी पिता रामजीलाल चौधरी, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम स्लीमनाबाद, जिला कटनी ,लाल सिंह पिता वीरभान सिंह, उम्र 56 वर्ष, निवासी ग्राम अखड़ार, थाना चंदिया, जिला उमरिया— से पूछताछ की गई, जिन्होंने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे रात्रि में सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रकों के डीजल टैंक का लॉक तोड़कर डीजल चोरी करते थे, और चोरी किया हुआ डीजल लाल सिंह के घर में कम दामों में बेच देते थे।
पुलिस ने आरोपियों से चोरी गया डीजल तथा चोरी में प्रयुक्त चारपहिया वाहन बरामद किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
विशेष भूमिका:
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उनि के.के. पटेल, सउनि विक्रम सिंह, प्रधान आरक्षक लालजी यादव, प्रधान आरक्षक पवनराज, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत, आरक्षक संतोष यादव एवं आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का संदेश:
कटनी पुलिस द्वारा लगातार इस प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी है। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।






