
कटनी। तहसील थाना बड़वारा क्षेत्र के ग्राम तुनेहरा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत में काम कर रहे एक किसान की नंगी बिजली की तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान फूल सिंह (40 वर्ष) पिता रामनरेश सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह खेत में कार्य करते समय किसान नंगी तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसे करंट लग गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
सूत्रों के अनुसार जिस खेत में यह हादसा हुआ, वह अनुराग पटेल का बताया जा रहा है। खेत में नंगी बिजली की तार फैली हुई थी, जिसके संपर्क में आने से किसान की मौत हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।








