
कटनी बिग ब्रेकिंग
कटनी: जिले के तहसील बड़वारा क्षेत्र में आज सुबह से ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ) की बड़ी कार्रवाई देखने को मिल रही है। मिली जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी बड़वारा के धान खरीदी केंद्र से जुड़े सेल्समेन सुशील गुप्ता के आवास और उससे संबंधित दो अन्य ठिकानों पर की जा रही है।
ईओडब्ल्यू की टीम ने एक साथ तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कार्रवाई किन आरोपों या शिकायतों के आधार पर की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, छापे की कार्रवाई सुबह से ही जारी है और टीम दस्तावेज़ों की जांच कर रही है।
स्थानीय प्रशासन और ईओडब्ल्यू की टीम ने फिलहाल किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। लोगों में चर्चा है कि यह मामला धान खरीदी में हुई अनियमितताओं से जुड़ा हो सकता है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
ईओडब्ल्यू की इस कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही अधिक जानकारी सामने आएगी।






