
कटनी पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध लगातार चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत जब्त किए गए मादक पदार्थों का आज विधिवत रूप से विनष्टीकरण (डिस्ट्रक्शन) किया गया। पिछले कई महीनों के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए थे, जिन्हें न्यायालय के आदेशानुसार नष्ट किया गया।
यह विनष्टीकरण पन्ना जिले के अमानगंज स्थित जे.के. सीमेंट लिमिटेड के संयंत्र की भट्टी में किया गया, जहां एक-एक करके मादक पदार्थों को अत्यधिक तापमान पर जलाकर नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी एवं दस्तावेजीकरण सुनिश्चित किया गया, जिससे कार्यवाही में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज अतुल सिंह, पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) जितेंद्र सिंह, उप पुलिस अधीक्षक कटनी उमराव सिंह सहित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
पुलिस द्वारा यह सख्त कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम है।






