
न्यूज़वॉइसऑफइंडिया, कटनी नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने मंगलवार को शहर की विभिन्न समस्याओं पर पत्रकारों के साथ औपचारिक बैठक की। इस दौरान उन्होंने सीवरेज सिस्टम, यातायात व्यवस्था, अवैध कब्ज़े, आवारा मवेशी, ट्रांसपोर्ट नगर, पीएम आवास, कचरा प्रबंधन, बिजली–पानी और सड़क निर्माण सहित अनेक मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की।
पत्रकारों ने बैठक के दौरान शहर में व्याप्त अतिक्रमण, अधूरे सीवर कार्यों से बने गड्ढों, सड़कों की बदहाल स्थिति, फैली गंदगी और नागरिक सुविधाओं की कमी जैसे अहम मुद्दे उठाए। पत्रकारों ने बताया कि ठेकेदारों की लापरवाही के चलते आम नागरिकों को रोज़ाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सुश्री परिहार ने पत्रकारों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और भरोसा दिलाया कि नगर निगम शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए ठोस कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर सीवर और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान किया जाएगा, अतिक्रमण और कचरा प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई होगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाओं को तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा।






