
कटनी। नगर निगम के नवाचार ने इस बार गणेशोत्सव को और भी खास बना दिया है। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की पहल पर पहली बार दो सुसज्जित चलित विसर्जन कुंड की सुविधा नगरवासियों को उपलब्ध कराई गई है। इस सराहनीय कदम की शहरभर में प्रशंसा हो रही है।
इस पहल से न केवल गणेश प्रतिमाओं का पर्यावरण अनुकूल विसर्जन संभव होगा, बल्कि नदियों और तालाबों के जल प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण होगा। नागरिकों का कहना है कि महापौर का यह निर्णय सुविचारित, जनहितैषी और दूरदर्शी है, जिससे धार्मिक आस्था और स्वच्छता—दोनों सुरक्षित रहेंगी।
महापौर सूरी ने बताया कि चलित विसर्जन कुंड की सुविधा नगरीय क्षेत्र के साथ-साथ उपनगरीय क्षेत्रों तक भी पहुंचाई जाएगी। अब श्रद्धालुओं को विसर्जन के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी, वहीं नगर में साफ-सफाई और सुव्यवस्था भी बनी रहेगी।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस चलित विसर्जन कुंड का अधिक से अधिक उपयोग करें और धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी जिम्मेदारी निभाएँ।







