
न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया
कटनी में परिवहन विभाग की टीम ने नियम तोड़ने वाली एक एसी बस को दबोच लिया। ये बस परिवहन विभाग से बारात ढोने का परमिट लेकर चल रही थी, लेकिन हकीकत में इसमें आम सवारियों को ढोया जा रहा था और बाकायदा टिकट भी काटे जा रहे थे।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पाल के नेतृत्व में 8 अगस्त को यात्री वाहनों की विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एम.पी. 17 पी 2711 नंबर की बस की जांच की गई, तो पता चला कि शादी-ब्याह के लिए परमिट लेने के बावजूद इसमें सामान्य यात्री सफर कर रहे थे।
नियमों का उल्लंघन पकड़ में आते ही बस को कुठला थाने में खड़ा करा दिया गया। परिवहन विभाग ने इस पर जुर्माने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि परिवहन आयुक्त के आदेश पर ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि परमिट का दुरुपयोग करने वालों पर लगाम लगाई जा सके।






